कार के धक्के से वृद्धा की मौत, जांच में जुटी पुलिस

खूंटी, 22 सितंबर । मुरहू मेन रोड (एनएच-20) पर सोमवार की रात तेज रफ्तार बलेनो कार ने सड़क किनारे स्थित एक घर में जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में घर के बाहर बैठी करीब 70 वर्षीय सूरजमणि देवी कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि सूरजमणि देवी दिवंगत टूवा साव की पत्नी थीं। दुर्घटना के बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें रिम्स रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें इलाज के लिए देवनिका अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बलेनो कार को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि कार मुरहू के ही किसी व्यक्ति की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव फिलहाल देवनिका अस्पताल में रखा गया है।

सूरजमणि देवी की मौत की खबर फैलते ही मुरहू में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है।