पलामू, 12 सितंबर । पलामू जिले के विभिन्न थानों एवं ओपी के लिए शनिवार को एक बार फिर 31 आधुनिक वाहन उपलब्ध कराए गए। इन वाहनों से पेट्रोलिंग मजबूत होगी। आम जनों को मदद मिलेगी। एसपी कपिल चौधरी ने सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सिलसिले में पलामू पुलिस लाइन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मौके पर एसडीपीओ राजेश यादव, प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप, सार्जेंट मेजर सुरेश राम, टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
बताते चलें कि इससे पूर्व भी पलामू पुलिस को 31 बोलेरो वाहन प्राप्त हुए थे। दूसरी बार पुनः 31 वाहन उपलब्ध हुए हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा विधिवत पूजा करके हरी झंडी दिखाई गई। सभी बोलेरो वाहनों को थाना में बांटा गया है, ताकि थानों की पुलिसिंग और सुदृढ़ हो सके। नए वाहन से पेट्रोलिंग में भी काफी आसानी होगी। हर एक वाहन जीपीएस इनेबल्ड है।
मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नए चारपहिया वाहनों की उपलब्धता से पलामू जिले में पुलिस की गश्ती व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं त्वरित पुलिस कार्रवाई को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। विशेष रूप से जिले के ग्रामीण, दुर्गम एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच को बेहतर बनाने तथा किसी भी आपात स्थिति में कम से कम समय में पुलिस बल को घटनास्थल तक पहुंचाने में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।