यूपी विधान सभा चुनाव हमारी पार्टी के लिए अवसर : चंद्रशेखर आजाद

मऊ, 01 सितंबर । आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण मंगलवार को मऊ जिले की मधुबन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी शिवसागर के समर्थन में चुनावी रैली किया और मतदाताओं से समर्थन की अपील की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने गोरखपुर में जलभराव और बाढ़, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि कुछ दिन पहले मंच से उन्होंने सुना कि गोरखपुर ‘स्पेन’ बन गया है। यह सुनने के बाद वह वीजा काउंटर ढूंढने निकल पड़े कि कहीं गोरखपुर जाने के लिए अराइवल वीजा की जरूरत न पड़ जाए। रावण ने कहा कि उन्हें लगा कि शायद पासपोर्ट भी बनवाना पड़ेगा लेकिन बाद में पता चला कि इसकी कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि गोरखपुर स्पेन नहीं बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान एक-दूसरे को खुश करने के लिए दिए जा रहे हैं, जबकि जमीन पर स्थिति अलग है। नगीना सांसद ने कहा कि गोरखपुर आज भी जलभराव और बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है। यदि गोरखपुर को इतना विकसित और बेहतर बनाया गया है तो फिर जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और प्रदेश ‘जंगल प्रदेश’ बन गया है। उन्होंने सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आजाद समाज पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर काफी पहले से तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने सबसे पहले 45 प्रभारियों की नियुक्ति की है। 2027 का विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और संगठन को उसी के अनुसार तैयार किया जा रहा है।