नारायणपुर एसपी ने तीन नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए

नारायणपुर, 08 सितंबर । पुलिस अधीक्षक कार्यालय नारायणपुर की ओर से आज मंगलवार काे प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिले के पुलिस बल में आंशिक फेरबदल करते हुए तीन अधिकारियों-कर्मचारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार तबादले आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावशील रहेंगे।

जारी आदेश के मुताबिक निरीक्षक विनोद पासवान, जो वर्तमान में रिजर्व केंद्र नारायणपुर में पदस्थ थे, उन्हें थाना कोहकामेटा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं कोहकामेटा थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ निरीक्षक सुक्कुराम नाग को स्थानांतरित कर रिजर्व केंद्र नारायणपुर भेजा गया है। इसी क्रम में सजनि गुमान सिंह जायसवाल, जो रिजर्व केंद्र नारायणपुर में पदस्थ थे, उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शहीद सेल के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप कुमार पठेल द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभावशील होगी। संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों एवं शाखाओं को आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेजी गई है।