अयोध्या, 14 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद अयाेध्या में शिवदयाल जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, तुलसीनगर में बुधवार को नवनिर्मित भौतिक विज्ञान एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का उद्घाटन मुख्य यजमान प्रबंधक डाॅ. अनिल मिश्र ने सपत्नीक किया। इस अवसर पर विद्यालय में विज्ञान शिक्षा को अधिक प्रभावी, प्रयोगात्मक एवं रुचिकर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
प्रबंधक डाॅ. अनिल मिश्र ने कहा कि प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों, अवलोकन एवं अनुसंधान संबंधी गतिविधियों के द्वारा विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता तथा नवाचार की भावना विकसित करने में सहायता मिलेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ल ने कहा कि आधुनिक शिक्षा में प्रयोगात्मक ज्ञान का विशेष महत्व है। प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर स्वयं प्रयोग करने, वैज्ञानिक तथ्यों को समझने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे भविष्य में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।
विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष संजीव कुमार गोयल, सदस्य आशीष अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, रामचन्द्र जायसवाल, सहित रामकुमार राय, अभय (नगर कार्यवाह), प्रमोद शंकर (सह –नगर कार्यवाह), ऋषभ नारायण वाजपेई (प्रधानाचार्य), आचार्य लल्ला सिंह, उत्तम कुमार पाण्डेय, मुकेश तिवारी, मथुरा प्रसाद, अरविंद कुमार, रामजी मिश्र, सीमा पाण्डेय, ज्योति तिवारी, विभा, दिलीप मिश्र, कृष्णा नन्द तिवारी सहित समस्त भैया बहनों की उपस्थिति रही।
