1200 किलोमीटर पीछा कर शातिर नकबजन गिरफ्तार

जयपुर, 29 अक्टूबर । जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने सूने मकान में नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विक्रम मीणा निवासी बामनवास जिला सवाई माधोपुर हाल मालवीय नगर जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने करीब 1200 किलोमीटर तक पीछा कर दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में दबिश दी। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और विदेशी घड़ियां बरामद की गई हैं। पुलिस वारदात में शामिल फरार साथी की तलाश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पीडी उर्फ पिंटू मीणा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। में रह रहा था। उसकी निशानदेही पर उसके हिस्से का चोरी का सामान बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ जवाहर सर्किल और रामनगरिया थानों में पहले भी आर्म्स एक्ट और नकबजनी के मामले दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। वहीं फरार आरोपी पीडी उर्फ पिंटू मीणा की तलाश जारी है।

जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि परिवादी के.के. रत्तू ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह 9 अक्टूबर 2026 को परिवार सहित चंडीगढ़ गए थे। 15 अक्टूबर को उनकी मेड पौधों में पानी देने पहुंची तो मकान के मुख्य गेट के ताले टूटे मिले। सूचना मिलने पर जयपुर पहुंचे परिवादी ने घर की जांच की तो रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले सोने के आभूषण, करीब आधा किलो चांदी और पांच-छह विदेशी घड़ियां गायब मिलीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों के आने-जाने का मार्ग तैयार किया गया। इसके बाद तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने विभिन्न राज्यों में दबिश दी। करीब 1200 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद मुख्य आरोपी विक्रम मीणा को गिरफ्तार किया।