कुल्लू में 1300 हेक्टेयर भूमि पर अवैध भांग की खेती नष्ट, 13 FIR दर्ज

शिमला, 29 अक्टूबर । जिला कुल्लू में नशे के अवैध कारोबार और भांग की खेती के खिलाफ प्रशासन एवं सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है। 9 सितंबर से 24 अक्टूबर तक चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान करीब 1300 हेक्टेयर भूमि पर उगाई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में विभिन्न पुलिस थानों में अवैध खेती से जुड़े कुल 13 मामले दर्ज किए गए हैं।

यह अभियान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, जिला पुलिस, वन विभाग, स्पेशल टास्क फोर्स और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के संयुक्त सहयोग से चलाया गया। टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचकर अवैध भांग की खेती को चिन्हित किया और उसे नष्ट किया।

अभियान के तहत पुलिस थाना पतलीकूहल के अंतर्गत नग्गर, फोजल, हलाण, नेरी, जौलांग, मेहा, खखनाल, मंडलगढ़, सरसी, सोयल, नाथन, पनकोट, जना, केशरी हाल, थाच, खराल, रुमसू और सजला सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। वहीं, पुलिस थाना मणिकर्ण के अंतर्गत कसोल वन परिक्षेत्र, ग्राहण, मलाणा, विचिंग, तोष, कुटला, बरशैणी, रशोल, पुलगा और मणिकर्ण के आसपास के दुर्गम इलाकों में भी बड़े पैमाने पर अवैध भांग की खेती को नष्ट किया गया।

अवैध भांग की खेती में संलिप्त लोगों के खिलाफ सितंबर और अक्टूबर माह के दौरान जिले के छह पुलिस थानों में कुल 13 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें मणिकर्ण थाना में पांच, पतलीकूहल में दो, सैंज में दो, सदर कुल्लू में दो, भुंतर में एक और ब्रौ थाना में एक मामला दर्ज किया गया है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस एवं प्रशासन का उद्देश्य नशे के नेटवर्क पर अंकुश लगाना और युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से भी नशामुक्त कुल्लू अभियान में सहयोग देने की अपील की है।