कोरबा, 10 अक्टूबर (हि. स.)। कोरबा जिले के ग्राम कापुबहरा निवासी दूज बाई के जीवन में महतारी वंदन योजना आर्थिक संबल बनकर आई है। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से वे अपने बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में योगदान दे रही हैं। साथ ही, इस राशि का उपयोग कर उन्होंने मसालों का व्यवसाय भी शुरू किया है, जिससे वे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभा रही हैं।
दूज बाई बताती हैं कि पहले परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उनके पति पर थी। सीमित आमदनी के कारण परिवार की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए राहत लेकर आई। योजना का लाभ मिलने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में पहले की तुलना में सुधार हुआ है और उन्हें अपने बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
योजना से प्राप्त राशि का सदुपयोग करते हुए दूज बाई ने अपने मसालों के व्यवसाय को आगे बढ़ाने की पहल की है। उनका यह प्रयास परिवार की आय में योगदान देने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। अब वे घरेलू जिम्मेदारियों के साथ स्वरोजगार के माध्यम से अपनी पहचान बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही हैं। उन्होंने योजना के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
