शारदीय नवरात्र पर कटघर बारवारी का दुर्गा पूजा पंडाल इस बार नागलोक की अनूठी थीम पर सजाया जा रहा है। श्री प्रयागेश्वर नाथ समाज उत्थान समिति की ओर से आयोजित 23वें दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत काशी राजनगर, कटघर स्थित दुर्गा पूजा पार्क में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। यहां जगत जननी मां दुर्गा नाग सिंहासन पर मां नागेश्वरी के स्वरूप में विराजमान होंगी। कोलकाता से आए कारीगर पिछले करीब दो महीने से पंडाल को आकर्षक रूप देने में जुटे हैं।
समिति के अध्यक्ष अभिषेक केसरवानी ने बताया कि इस वर्ष नागलोक की थीम पर पंडाल तैयार कराया जा रहा है। इसकी सजावट और धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेंगी। षष्ठी तिथि, 16 अक्टूबर को पूजन और मां के आह्वान के बाद श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकेंगे।
समिति के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि पंडाल के मुख्य द्वार को शिवलिंग की आकृति में सजाया जा रहा है। भीतर प्रवेश करते ही हल्की रंग-बिरंगी रोशनी और छत से लटकती नागों की आकृतियां श्रद्धालुओं को नागलोक जैसा अनुभव कराएंगी। पंडाल में नाग वासुकी, शेषनाग और नागकन्या से जुड़ी झांकियां सजाई जा रही हैं। साथ ही मां दुर्गा द्वारा नागों को वरदान देने से जुड़े प्रसंग भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
महोत्सव के अंतर्गत 15 अक्टूबर को महापंचमी पर विधि-विधान से बोधन, कलश पूजन और गणेश पूजन किया जाएगा। 16 अक्टूबर को षष्ठी पूजन के बाद मां के दर्शन शुरू होंगे। सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशमी पर पूजन, पुष्पांजलि, संध्या आरती और प्रसाद का भोग लगाया जाएगा।
आयोजन के कार्यक्रम के अनुसार, 19 अक्टूबर को महाअष्टमी पर संधि पूजा, 20 अक्टूबर को दशमी पर हवन तथा 21 अक्टूबर को एकादशी पर सिंदूर उत्सव, प्रतिमा विसर्जन और प्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कटघर बारवारी का यह आयोजन श्रद्धालुओं को मां दुर्गा की आराधना के साथ नागलोक की धार्मिक मान्यताओं और कलात्मक सजावट को करीब से देखने का अवसर देगा। समिति के पदाधिकारी महोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं, ताकि श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ मां के दर्शन कर सकें और धार्मिक आयोजनों में भाग ले सकें।
