देवरिया ; कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ई-लॉटरी से 27 किसानों का हुआ चयन

देवरिया, 03 नवंबर । कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान देने के लिए मंगलवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में ई-लॉटरी का आयोजन किया गया। इसमें ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले 115 किसानों में से 27 किसानों का चयन किया गया।

यह ई-लॉटरी प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन एवं सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत अवशेष कृषि यंत्रों पर अनुदान देने के लिए आयोजित की गई। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया।

उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने चयनित किसानों को बताया कि कृषि यंत्रों की खरीद और आवश्यक अभिलेख अपलोड करने की समयसीमा की जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने किसानों से निर्धारित समयसीमा के भीतर कृषि यंत्रों की खरीद करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि अनुदान प्राप्त करने के लिए किसानों को पोर्टल पर कृषि यंत्र का बिल, यंत्र के साथ फोटो, लेजर कटिंग नंबर की फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, जाति प्रमाण पत्र, शपथपत्र और बैंक स्टेटमेंट अपलोड करना होगा। साथ ही निर्देश दिया कि चयनित किसान अपनी पत्रावली संबंधित कर्मचारी के पास कार्यालय में ही जमा करें।

ई-लॉटरी के दौरान जिला विकास अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, वेद व्यास सिंह, निदेशक पूर्वांचल पोल्ट्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, गंगा सिंह कुशवाहा, ईश्वर चंद निषाद, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।