मप्र के शहडोल के बांधवगढ़ में बाघों के साथ जंगली हाथी और प्रवासी पक्षी भी बन रहे पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र

शहडोल, 19 नवंबर । मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ठंड का मौसम शुरू होने और दीपावली की छुट्टियों के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

बांधवगढ़ के घने जंगल, हरे-भरे घास के मैदान, प्राकृतिक जलस्रोत, पहाड़ियां और नदियां पर्यटकों को रोमांचक वन्यजीव अनुभव प्रदान कर रहे हैं। यहां आने वाले पर्यटकों को बाघ और तेंदुए के साथ जंगली हाथियों तथा विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का अवसर मिल रहा है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अपनी बाघों की आबादी और बाघ दर्शन के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। अब यहां विचरण करने वाले जंगली हाथी भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गए हैं। जंगल में हाथियों के झुंड का विचरण, उनका सामाजिक व्यवहार तथा भोजन और पानी की तलाश में उनकी गतिविधियां पर्यटकों एवं वन्यजीव प्रेमियों के लिए रोमांच और कौतूहल का विषय बनी हुई हैं। पर्यटक प्राकृतिक परिवेश में जंगली हाथियों को देखकर उनकी तस्वीरें भी लेते हैं। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय के अनुसार, अब यहां के बाघों की तरह ही जंगली हाथी भी बांधवगढ़ की पहचान बन चुके हैं। जंगली हाथियों की उपस्थिति यहां के वन परिदृश्य में हो रहे प्राकृतिक बदलावों और वन्यजीवों के लिए उपलब्ध विविध आवास की विशेषता को भी दर्शाती है।

ठंड के मौसम में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता और अधिक निखर गई है। यहां के घने जंगल, नदियां, पहाड़ियां और जलस्रोत विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के लिए अनुकूल आवास उपलब्ध कराते हैं। सर्दियों में दूर-दराज के क्षेत्रों और सात समंदर पार से आने वाले प्रवासी पक्षी भी यहां पहुंच रहे हैं। पक्षियों की चहचहाहट से जंगल का वातावरण और मनमोहक हो गया है। बांधवगढ़ में हूपो, मोर, इंडियन वल्चर, लेसर एडजुटेंट स्टॉर्क सहित अनेक प्रजातियों के पक्षियों को देखने का अवसर मिल रहा है। यही वजह है कि देशी पर्यटकों के साथ विदेशी पक्षी प्रेमी और प्रकृति प्रेमी भी यहां पहुंच रहे हैं।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ, तेंदुआ, भालू, गौर, चीतल, सांभर, जंगली सूअर सहित अनेक वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर मिलता है। कभी जंगल के रास्तों पर विचरण करते वन्यजीव, कभी खुले घास के मैदानों में भोजन की तलाश करते बाघ और कभी पेड़ों की छांव में विश्राम करते हाथियों के झुंड पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बन रहे हैं। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों की सहज उपस्थिति इसे मध्यप्रदेश के प्रमुख वन पर्यटन स्थलों में विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। ठंड के इस मौसम में बांधवगढ़ का जंगल वन्यजीव प्रेमियों, प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का विशेष केंद्र बना हुआ है।