जयपुर हेरिटेज फोटो व पेंटिंग एग्जीबिशन में प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार देकर किया सम्मानित

जयपुर, 19 नवंबर । जयपुर स्थापना दिवस और शहर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत आयोजित जयपुर हेरिटेज फोटो व पेंटिंग एग्जीबिशन के पांचवें संस्करण का गुरुवार को आईटीसी राजपूताना की वेलकम आर्ट गैलरी में समापन हुआ। इस अवसर पर जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने की खुशी में केक सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों और अतिथियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

समापन समारोह में विधायक गोपाल शर्मा, विधायक मुकेश भाकर, होटल सफारी के डायरेक्टर राघव गोयल और आईटीसी के जनरल मैनेजर दीपेंद्र राणा अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कलाकारों की कलाकृतियों और फोटोग्राफी की सराहना करते हुए उनके हुनर को अद्भुत बताया। प्रदर्शनी के डायरेक्टर संजय कुमावत, क्यूरेटर अदिति अग्रवाल, सोनू, श्रुति और मोहित ने अतिथियों का स्वागत किया।

आईटीसी के जनरल मैनेजर दीपेंद्र राणा ने कहा कि जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केक सेरेमनी के साथ शहर का जन्मदिन मनाया गया। प्रदर्शनी में पूर्व महाराजा सवाई भवानी सिंह की दुर्लभ पुरानी तस्वीरें भी आकर्षण का केंद्र रहीं। लोगों ने इन तस्वीरों को उत्साह के साथ देखा और अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में रजनीश माथुर विजेता रहे। सिंगापुर की शालिनी पुरोहित ने दूसरा और रोहन माथुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में 100 से अधिक फोटोग्राफर और कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी में शहरवासियों और पर्यटकों को पुराने और नए जयपुर की विरासत को एक ही स्थान पर देखने का अवसर मिला। तस्वीरों में शहर के ऐतिहासिक स्मारकों, परकोटे, मंदिरों, त्योहारों, पुरानी गलियों और समृद्ध संस्कृति को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया। इन तस्वीरों ने पर्यटकों और कला प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

फेस्टिवल की संरक्षक रेणुका कुमावत ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अगले वर्ष आयोजन को और भव्य रूप में करने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में जयपुर की कला, संस्कृति और विरासत को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। जयपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।