अजमेर, 14 नवम्बर(हि.सं.) राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, बांदरसिंदरी ने वायु प्रदूषण की निगरानी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर फॉर स्टडी ऑफ साइंस, टेक्नोलॉजी एंड पॉलिसी (सीएसटीईपी) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत विश्वविद्यालय परिसर में ‘इंडिया एयर क्वालिटी सेंसर इवैल्यूएशन एंड ट्रेनिंग’ (इंडी-सेट) सुविधा स्थापित की जाएगी। इसके माध्यम से वायु गुणवत्ता की निगरानी, आधुनिक सेंसरों की जांच, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को नई दिशा मिलेगी।
समझौते के तहत विश्व विद्यालय के पृथ्वी विज्ञान स्कूल के वायुमंडलीय विज्ञान विभाग की ओर से इंडी-सेट सुविधा का संचालन एवं क्रियान्वयन किया जाएगा। इस केंद्र में विशेष रूप से शुष्क और अर्ध-शुष्क जलवायु परिस्थितियों में उपयोग किए जाने चाले उन्नत वायु गुणवत्ता सेंसरों की कार्यक्षमता, विश्वसनीयता और प्रभावशीलता का वैज्ञानिक मूल्यांकन किया जाएगा। इससे वायु प्रदूषण की सटीकनिगरानी के लिए उपयोगी तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि वायु प्रदूषण वर्तमान समय को गंभीर पर्यावरणीय और जनस्वास्थ्य संबंधी चुनौती बन चुका है। विशेषकर शहरी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता को निरंतर निगरानी और उसका वैज्ञानिक आकलन बेहद जरूरी है। पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्रभावी निगरानी एवं प्रबंधन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में इंडी-सेट सुविधा की स्थापना अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। इससे उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ेगा तथा संयुक्त अनुसंधान, तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान और विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं की क्षमता विकसित करने के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सीएसटीईपी के साथ यह साझेदारी वायु प्रदूषण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए वैज्ञानिक और प्रभावी उपाव विकसित करने में सहायक होगी।
एमओयु हस्ताक्षर समारोह में विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. आनंद भालेराव, कुलसचिव अमरदीप शर्मा, वित्त अधिकारी प्रदीप अग्रवाल, अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. डी.सी. शर्मा, प्रो. देवेश शर्मा, डॉ. प्रमोद कांबले, डॉ. जय प्रकाश सहित पृथ्वी विज्ञान स्कूल के अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे। वहीं सीएसटीईपी, बेंगलुरु को ओर से डॉ. प्रकाश दोराईस्वामी, डॉ. पीयूष भारद्वाज, सुश्री स्वागता डे, डॉ. कुमार सारंग, डॉ. पेन्वाला अभिषेक और विनोद एस. ने प्रतिनिधित्व किया।
