सिरमौर जिला के “हाटी किसान संघ” को मिला प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार, पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय ने दी बधाई

धर्मशाला, 14 नवंबर । चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर ने जिला सिरमौर के हाट्टी किसान संघ को भारत सरकार के पादप किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण द्वारा प्रतिष्ठित ‘प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड’ से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। यह पुरस्कार पारंपरिक बीजों, देशी फसल किस्मों तथा कृषि जैव विविधता के संरक्षण में समुदाय के उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है।

विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. जनार्दन सिंह ने हाट्टी किसान संघ, सिरमौर के किसानों तथा इस उपलब्धि से जुड़े सभी वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने देशी फसल किस्मों और पारंपरिक कृषि विरासत के संरक्षण के लिए समुदाय के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विज्ञान केंद्र के योगदान की भी प्रशंसा की।

यह पुरस्कार 12 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। देशभर से केवल पांच कृषक समुदायों को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया, जिनमें हाट्टी किसान संघ भी शामिल है। पुरस्कार के अंतर्गत 10 लाख रुपये की नकद राशि, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। गौरतलव है कि हाट्टी सौंठ के पंजीकरण के लिए अगस्त 2025 में पंजीकरण प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ था। इसके बाद अक्टूबर 2025 में पुरस्कार के लिए आवेदन किया गया। चयन प्रक्रिया के तहत नई दिल्ली से आई उच्चस्तरीय समिति ने सिरमौर का दौरा कर समुदाय द्वारा किए जा रहे संरक्षण कार्यों का मूल्यांकन किया तथा इसके बाद पुरस्कार के लिए चयन को अंतिम रूप दिया गया।

इस उपलब्धि में कृषि विज्ञान केंद्र-सिरमौर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पंकज मित्तल तथा कृषि विश्वविद्यालय से डॉ. देश राज चौधरी, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. निमित कुमार एवं डॉ. सौरभ शर्मा के समन्वित प्रयासों और तकनीकी सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन सभी के सामूहिक प्रयासों से इस राष्ट्रीय सम्मान को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

डॉ. पंकज मित्तल ने बताया कि अब हाट्टी सौंठ को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जिले के किसानों द्वारा संरक्षित अन्य देशी बीजों एवं पादप किस्मों के पंजीकरण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय सम्मान हाटी समुदाय की समृद्ध कृषि विरासत तथा स्थानीय किसानों, कृषि विज्ञान केंद्र-सिरमौर और विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।