सीआईएल और सीसीएल ने हर्षोल्लास के साथ मनाया स्थापना दिवस

रांची, 01 नवंबर । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से रविवार को कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और कंपनी का 52वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सीसीएल मुख्यालय स्थित दरभंगा हाउस में आयोजित समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और अन्य हितधारक शामिल हुए।

समारोह की शुरुआत निदेशक (मानव संसाधन), सीवीओ और अन्य कोलकर्मियों की ओर से शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर में सीसीएल और क्षेत्रीय ध्वज फहराए गए। उसके बाद राष्ट्रगीत और सीआईएल के कॉर्पोरेट गीत का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान उत्सव के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे भी छोड़े गए।

अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने सीआईएल और सीसीएल के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों तथा विकास यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंपनी की सफलता के पीछे प्रत्येक कर्मी का समर्पण, कठिन परिश्रम और टीम भावना है। सीसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सामाजिक और सतत आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा, गुणवत्ता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण को अपनी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक ताकत उसकी कार्यसंस्कृति, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों में निहित होती है। कोलकर्मियों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक योगदान से ही कोयला उत्पादन के साथ देश के विकास और ऊर्जा जरूरतों को गति मिलती है। कर्मियों की निष्ठा, प्रतिबद्धता और सकारात्मक सोच संस्थान को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

सीआईएल और सीसीएल की 52 वर्षों की यात्रा मेहनत, समर्पण, नवाचार और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। कंपनी ऊर्जा सुरक्षा के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में भी लगातार महत्वपूर्ण पहल कर रही है। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।———-