भाई फोटा पर मंत्री इरफान अंसारी ने बहनों को दिया सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों का भरोसा

जामताड़ा, 11 नवंबर । भाई-बहन के प्रेम और अटूट विश्वास का पर्व भाई फोटा (भाई टीका) बुधवार को जामताड़ा में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, समान अधिकार और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बहनों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य के लिए वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

मंत्री ने कहा कि जनता और बहनों के आशीर्वाद से उन्हें झारखंड की सेवा करने का अवसर मिला है। राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, राजनीति, स्वास्थ्य और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।

इस अवसर पर बंगाली समुदाय की बहनों ने स्वास्थ्य मंत्री को चंदन का फोटा (टीका) लगाकर उनकी लंबी उम्र, स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना की। इस दौरान मंत्री भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बहनों का प्यार, आशीर्वाद और दुआएं उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें मां-बहनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि उनका संकल्प है कि राज्य की हर बहन सोनिया गांधी की तरह सशक्त, आत्मविश्वासी और नेतृत्वकर्ता बने। महिलाएं केवल परिवार की ताकत नहीं हैं, बल्कि समाज और देश के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।