छठ घाटों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, डेंजर जोन में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश

पूर्वी सिंहभूम, 14 नवंबर । छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर एसएसपी एहतेशाम वकारिब और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने शनिवार को जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी शामिल हुए। एसएसपी ने अधिकारियों से अपने-अपने थाना क्षेत्रों में छठ पूजा को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान एसएसपी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, महिला और बच्चों की सुरक्षा तथा नदी और तालाब के घाटों पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के छठ घाटों का स्थल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया।

उन्होंने विशेष रूप से नदी, तालाब और जलाशयों के उन हिस्सों को चिन्हित करने को कहा, जहां पानी अधिक गहरा है या दुर्घटना की आशंका रहती है। ऐसे डेंजर जोन में बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया। वहीं संवेदनशील घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था में बाइक दस्ता, शक्ति कमांडो, एनडीआरएफ और टैंगो मोबाइल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और आवश्यकतानुसार ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी करने पर भी जोर दिया गया। घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों, पार्किंग स्थलों और आसपास के बाजार क्षेत्रों में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को कहा गया।

इसके अलावा थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस, प्रशासन और बचाव दल के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया। एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।