कर्रा प्रखंड की उड़ीकेल पंचायत अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिकुवादाग का जिला परिषद सदस्य जोरोंग आईन्द ने गुरुवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य और विद्यालय परिसर की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान जिला परिषद सदस्य ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार मिश्रा और शिक्षकों से विद्यालय संचालन, बच्चों की पढ़ाई एवं उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से भी बातचीत कर उनके पाठ्यक्रम, पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा।
जोरोंग आईन्द ने शिक्षकों से बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी और समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करने की अपील की। उन्होंने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करना जरूरी है, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। विद्यालय की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित विभाग के समक्ष उठाने और आवश्यक सुधार के लिए पहल करने का भरोसा दिलाया।
