नई दिल्ली/ह्यूस्टन, 08 अक्टूबर । देश के सबसे बड़े सार्वजर्निक क्षेत्र के ऋणदाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कैलिफोर्निया) ने टेक्सास के फ्रिस्को में अपनी नई शाखा खोली है।
स्टेट बैंक ने रविवार को जारी बयान में कहा कि इस शाखा का उद्घाटन एसबीआई ग्रुप के चेयरमैन चल्ला श्रीनिवासुलु शेट्टी ने किया। टेक्सास में नई शाखा खुलने के साथ ही अमरीका में एसबीआई की कैलिफोर्निया इकाई के कुल आठ केंद्र हो गए हैं। इस अवसर पर ह्यूस्टन में भारत के कॉन्सुल जनरल डी.सी. मंजूनाथ और फ्रिस्को के मेयर मार्क हिल मौजूद रहे।
बैंक के मुताबिक इस शाखा के खुलने के साथ ही इस अनुषंगी एसबीआई ने कैलिफोर्निया से बाहर अपना पहला भौतिक विस्तार किया है। इसके साथ ही अब अमेरिका में इसकी शाखाएं आठ स्थानों पर हो गई हैं।
स्टेट बैंक ने कहा कि तेजी से बढ़ते उत्तरी डलास क्षेत्र में स्थित फ्रिस्को की यह नई शाखा खुदरा और व्यावसायिक बैंकिंग सेवाओं की पूरी शृंखला प्रदान करने के लिए तैयार की गई है। इनमें व्यक्तिगत और व्यावसायिक जमा, वाणिज्यिक ऋण और अंतरराष्ट्रीय धन प्रेषण शामिल हैं। इन सेवाओं को विशेष रूप से उत्तरी टेक्सास के व्यक्तियों, पेशेवरों, उद्यमियों और कॉरपोरेट इकाइयों के लिए तैयार किया गया है।
इस अवसर पर मंजूनाथ ने भारत-अमेरिका आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तरी टेक्सास में तेजी से बढ़ रहे भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए वित्तीय संपर्क बढ़ाने में इस शाखा की भूमिका पर प्रकाश डाला।
उल्लेखनीय है कि कैलिफोर्निया स्थित अपनी अनुषंगी कंपनी के आठ केंद्रों के अलावा एसबीआई की अमेरिका में मजबूत प्रत्यक्ष उपस्थिति भी है। बैंक न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिल्स में पूर्ण-सेवा शाखाओं के साथ-साथ वाशिंगटन में एक प्रतिनिधि कार्यालय का संचालन करता है।
