लखनऊ, 18 नवंबर । आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग एवं आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 19 नवंबर गुरुवार को जनपद आगरा में पांच मंडलों के अंतर्गत आने वाले 21 जनपदों की निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
समीक्षा बैठक पूर्वाह्न 11:00 बजे होटल आईटीसी मुगल, फतेहाबाद रोड, आगरा में आयोजित होगी। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में आगरा, चित्रकूट, झांसी, बरेली एवं कानपुर मंडलों के अंतर्गत आने वाले जनपदों में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान संबंधित मंडलों के मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक प्रतिभाग करेंगे।
समीक्षा बैठक में संबंधित जनपदों के अधिकारियों द्वारा निर्वाचन तैयारियों से जुड़ी प्रगति, व्यवस्थाओं एवं कार्ययोजना के संबंध में पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतियों के माध्यम से निर्वाचन संबंधी तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए जाएंगे।
बैठक में जिन 21 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी, उनमें आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जालौन, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद तथा कन्नौज शामिल हैं।
