सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र पुलिस का अभियान, 289 अवैध कट बंद , 1.90 करोड़ का जुर्माना भी वसूला

वाराणसी, 22 नवंबर । सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक अभियान छेड़ रखा है। प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ (जेडएफडी) योजना के तहत जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), वाराणसी परिक्षेत्र की नियमित निगरानी में जनवरी से 15 नवंबर 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इस दौरान 289 अवैध कट बंद कराने के साथ 308 स्थानों से अतिक्रमण हटवाया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 19,629 वाहन चालकों का चालान कर करीब 1.90 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रविवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्घटना संभावित मार्गों को सुरक्षित बनाने के लिए सड़क इंजीनियरिंग सुधारों पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके तहत तीनों जिलों में राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे 289 अनाधिकृत कट बंद कराए गए। इनमें जौनपुर में 150, चंदौली में 107 और गाजीपुर में 32 कट शामिल हैं।

इसी क्रम में यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले 308 स्थानों से अतिक्रमण हटवाया गया। इनमें जौनपुर के 193, चंदौली के 77 और गाजीपुर के 38 स्थान शामिल हैं। इसके अलावा खतरनाक मोड़ों और जंक्शनों पर 83 चेतावनी एवं दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए। वाहनों की सुरक्षित पार्किंग के लिए 38 स्थानों पर व्यवस्था की गई, जबकि जौनपुर में चार ट्रक एवं बस ले-बाई का निर्माण कराया गया।

सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले संवेदनशील मार्गों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए परिक्षेत्र में 16 क्रिटिकल कॉरिडोर तथा 126 क्रैश लोकेशन चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रभावी निगरानी और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 25 विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अभियान के तहत तीनों जिलों में कुल 19,629 वाहनों का चालान किया गया और 1,90,00,200 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। जिलेवार कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार, गाजीपुर में सर्वाधिक 8,637 वाहनों का चालान कर 85,32,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जौनपुर में 6,528 चालान के जरिए 61,43,500 रुपये तथा चंदौली में 4,464 चालान कर 43,24,200 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस की जांच और समीक्षा में सामने आया है कि सड़क दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में तेज रफ्तार यानी ओवरस्पीडिंग शामिल है। इसे देखते हुए तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी पुलिस की प्राथमिकता में शामिल है। अभियान के दौरान सड़क हादसों में घायल हुए 563 लोगों में से 509 को 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस तरह करीब 90 प्रतिशत घायलों को गोल्डन ऑवर में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सफलता मिली। समय पर उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकी। सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावी बनाने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ 46 बैठकें आयोजित की गईं। इसके अलावा जिला सड़क सुरक्षा समितियों की 31 बैठकें भी हुईं।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र ने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु केवल एक जान का जाना नहीं, बल्कि पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती है। सड़क हादसों में होने वाली मौतों को शून्य पर लाना पुलिस का लक्ष्य है, लेकिन यह आमजन के सहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नशे की हालत में या वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग बिल्कुल न करें। दुर्घटना होने पर घायलों की मदद के लिए आगे आएं और तत्काल 108 एम्बुलेंस अथवा डायल 112 पर सूचना दें।

पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल कानून और चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आमजन की जागरूकता, विभागीय समन्वय और प्रभावी पुलिस कार्रवाई से ही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को शून्य करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।