वन विभाग की जमीन पर कब्जे का आरोप, फेसिंग लगाकर ग्रामीणों का रास्ता किया बंद

छिंदवाड़ा, 17 नवंबर । मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण और ग्रामीणों का रास्ता बंद करने का मामला सामने आया है। अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र के वन ग्राम जंगलीखेड़ा में कुछ ग्रामीणों पर वन विभाग की करीब पांच एकड़ जमीन पर कब्जा कर खेती करने और निस्तारी सड़क पर फेसिंग लगाकर आवागमन बाधित करने का आरोप है। मंगलवार को इस मामले को लेकर दर्जनों ग्रामीण पूर्व वन मंडल कार्यालय पहुंचे और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत पुत्तरा के अंतर्गत आने वाले वन ग्राम जंगलीखेड़ा में गोविंद अहिरवार, गुरुदयाल अहिरवार, भारत अहिरवार और दसरू अहिरवार ने वन विभाग के कक्ष क्रमांक 1182 की करीब पांच एकड़ भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त भूमि वन विभाग और वन समिति की है, इसके बावजूद उस पर जबरन खेती की जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने गांव की निस्तारी सड़क पर फेसिंग लगाकर रास्ता भी बंद कर दिया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पहले भी स्थानीय वन विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मामले को लेकर मंगलवार को ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर, डीएफओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर वन भूमि से अतिक्रमण हटाने और बंद किए गए सार्वजनिक रास्ते को खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।