उमरिया, 31 मई (हि.स.)। 2016 बैच की आईपीएस निवेदिता नायडू 25वीं बटालियन मंडला से स्थानांतरित होने के बाद 3 अगस्त 2023 को उमरिया जिले के एसपी का पद ग्रहण किया था। पद ग्रहण करने के बाद लगातार जिले की कानून व्यवस्था के सुधार में लगी हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिकता में संवेदनशील पुलिसिंग, सायबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सशक्तिकरण के प्रयास, महिला संबंधित अपराधों पर तत्काल कार्रवाई को सबसे ऊपर रखा था। यहां तक कि विधानसभा चुनाव 2023 में प्रैगनेंसी पीरियड में होने के बाद भी लगभग हर पोलिंग बूथ का दौरा करती नजर आईं ।
जानकारी के लिए बता दें कि वर्तमान में 8 माह की प्रैगनेंसी होने के बाद भी लगातार रात में काम्बिंग गश्त, गम्भीर अपराध होने पर घटना स्थल का दौरा और विभागीय कार्य कर रही हैं।
गौरतलब है ऐसी परिस्थिति और इस अवस्था में सामान्यतया डॉक्टर की सलाह पर महिलाएं विश्राम करती हैं, लेकिन ये अभी भी लगातार क्षेत्र में पहुंच कर पैदल गश्त करती हैं, जबकि इस अवस्था में गाड़ी में चढ़ने और उतरने में भी दिक्कत होती है। ऐसे में इनके जज्बे को सलाम और यदि इनको आयरन लेडी कहा जाय तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।