शाजापुर: जिला जेल में बंदी ने काटा स्वयं का गला

शाजापुर, 19 जून (हि.स.)। जिम्मेदारों की अनदेखी और उदासीन कार्यशैली के कारण जिला जेल में विभिन्न अपराधों के मामले में बंद मियादी बंदी ने किसी नौंक वाली वस्तु से अपना गला काट लिया और अपने सिर में भी चोंट पहुंचाई। इस घटना के बाद जेल प्रबंधन के हाथ-पैर फूल गए और खून में लथपथ बंदी के तड़पने की सूचना मिलने पर तुरंत ही जेल प्रबंधन ने घायल बंदी को उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

उप जेल अधीक्षक सुनीलकुमार मंडलेकर ने बताया कि शाजापुर मनिहारवाड़ी निवासी सलमान खान पिता सुल्तान खान जेल में बंदी है। बुधवार दोपहर को सलमान ने अचानक से किसी नुकीली वस्तु से अपने गले और सिर में वार कर स्वयं को घायल कर लिया। घटना के बाद तुरंत ही सलमान को उपचार हेतु शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों की मानें तो परिवार के द्वारा पैरूल नहीं कराए जाने से सलमान नाराज है और इसीके चलते उसने स्वयं को नुकसान पहुंचाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, हालांकि जेल प्रबंधन इस मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कह पाने की बात कह रहा है।

कटघरे में सुरक्षा व्यवस्था

शाजापुर जिला जेल में अलग-अलग अपराधों के मामले में विचाराधीन और सजायाफ्ता दर्जनों लोग बंदी हैं। ऐसे में एक मियादी बंदी के द्वारा नुकीली वस्तु से स्वयं पर जानलेवा हमला कर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना ने जेल में सुरक्षा व्यवस्था के माकूल इंतजाम के दावों को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है। बंदी द्वारा स्वयं पर प्राण घातक हमला किया जाना अन्य बंदियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता खड़ी कर रहा है, क्योंकि बंदी आपस में ही विवाद कर इस तरह की किसी घातक वस्तु से एक-दूसरे पर हमला कर नुकसान पहुंचा सकते हैं। सलमान नामक बंदी के हाथ तक नुकीली वस्तु कैसे पहुंची, फिलहाल इसको लेकर जिम्मेदारों के पास कोई संतोषजनक जवाब नही है। यदि इसी तरह की व्यवस्था रही तो भविष्य में जेल में भी बड़ी वारदात हो सकती है।