फतेहाबाद में एसएसटी टीमों ने तलाशी के दौरान नाकों से पकड़े दो लाख रुपये
फतेहाबाद, 25 सितंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्यों और जिलों की सीमाओं पर नाकेबंदी करके चेकिंग की जा रही है। बुधवार को चेकिंग के दौरान एसएसटी टीमों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। टीमों ने एक कार व एक बाइक से एक-एक लाख रुपये की राशि बरामद किए है। टोहाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बलियाला से मनियाना नाके पर चेकिंग के दौरान एसएसटी टीम इंचार्ज संजय कुमार को एक स्वीफ गाड़ी से तलाशी के दौरान एक बैग में एक लाख रुपये बरामद हुए। कार में तीन नागरिक सवार थे। पूछताछ के दौरान वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो टीम ने आगामी कार्रवाई करते हुए रुपयों को सीज कर खजाना कार्यालय में जमा करवा दिए।
एक अन्य मामले में फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव दैयड़ नाके पर चेकिंग के दौरान एक बाइक से एक लाख रुपये बरामद हुए है। टीम इंचार्ज सुरेश कुमार एडीओ ने आम रूटीन चेकिंग के दौरान माटरसाइकिल चालक को रूकवाया और तलाशी ली तो उनके बैग से एक लाख रुपये बरामद हुए है। निनाण गांव निवासी मोहम्मद हुसैन माटर साइकिल चला रहा था। पूछताछ के दौरान वह कुछ जवाब नहीं दे पाया तो टीम ने रुपये सीज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।