हेमंत सोरेन की सरकार हर मोर्चे पर विफल : सुदेश महतो
आजसू पार्टी का मिलन समारोह में करण महतो सहित अन्य ने पार्टी का दामन थामा
रांची, 03 अक्टूबर( हि.स.)। रांची के बोड़ेया स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो की उपस्थिति में गुरुवार को करण महतो ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
मौके पर सुदेश कुमार महतो ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार हर मोर्चे पर विफल है, इन्होंने राज्य की अस्मिता को धूमिल किया है। खनिज संपदाओं के लिए जाना जाने वाले राज्य की पहचान आज देशभर में खनिज संपदाओं की लूट से हो रही है। सरकार ने राज्य की पहचान को बदल दिया है। इससे सबसे अधिक नुकसान युवाओं का किया है। राज्य में रोजगार के उचित अवसर नहीं मिलने की वजह से पढ़े लिखे हमारे युवा आज पलायन का दंश झेल रहे हैं। देश में किसी भी राज्य को लेबर की आवश्यकता होती है तो लोग झारखंड की तरफ देखते हैं। इस अवधारणा को बदलने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है। झारखंड की पहचान लेबर स्टेट के रूप में नहीं एक बेटर स्टेट के रूप में होगी इसकी तैयारी है।
सदस्यता ग्रहण करने वाले करण महतो और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी युवा सोच और युवा शक्ति को सही दिशा देने का काम करती आई है। युवाओं का राजनीति में सक्रियता राज्य के लिए शुभ संदेश है।
—————