राष्ट्रीय समूहगान में प्रथम स्थान डीएवी एनआईटी को

राष्ट्रीय समूहगान में प्रथम स्थान डीएवी एनआईटी को

हम सभी लोगों को मिलकर बच्चों के अंदर राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने की आवश्यकता: असीम कृष्ण दास

रांची, 20 अक्टूबर( हि.स.)। प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2024 का आयोजन भारत विकास परिषद, दक्षिण झारखंड प्रान्त, पूर्वी रिजन के तत्वावधान में सरला बिरला यूनिवर्सिटी के सभागार में रविवार को हुआ। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आदित्यपुर शाखा के डीएवी पब्लिक स्कूल एनआईटी, जमशेदपुर के विद्यार्थी रहे जबकि द्वितीय स्थान पर डीपीएस, रांची के विद्यार्थी एवं तीसरे स्थान डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर, जमशेदपुर के विद्यार्थी रहे।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भक्ति वेदांता विद्या भवन, गुरुकुल रांची के प्रोजेक्ट डायरेक्टर असीम कृष्ण दास एवं विशिष्ट अतिथि जटाशंकर चौधरी, पलामू के पूर्व प्रमंडलीय आयुक्त के जरिये दीप प्रज्वलित कर किया गया। साथ ही भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

मौके पर असीम कृष्ण दास ने भारत विकास परिषद के कार्यों की सराहना की और कहा कि हमारी संस्था भी इस तरह का कार्य कर रही है। हम सभी लोगों को मिलकर बच्चों के अंदर राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जटाशंकर चौधरी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम में हम हमेशा आपके साथ हैं।

प्रांतीय संगठन मंत्री गोविंद प्रसाद सिंह ने स्वागत भाषण दिया। दक्षिण झारखंड प्रान्त के पालक ई. जीपी सिंह ने संस्था के कार्यों के बारे में लोगों को अवगत कराया। परिषद के पूर्वी क्षेत्र के संरक्षक ई. जीएन सिंह ने कहा कि हम सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना चाहिए कि इस तरह के कार्यक्रम में अधिक से अधिक विद्यालय भाग ले सकें।

कार्यक्रम में शाखा स्तर से प्रथम होने वाले कुल पांच विद्यालयों ने भाग लिया। आगे क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2024 में दक्षिण झारखंड प्रान्त, पूर्वी रिजन से डीएवी पब्लिक स्कूल एनआईटी, जमशेदपुर के विद्यार्थी भाग लेंगे।

—————