फतेहाबाद : दहेज के लिए मारपीट से परेशान विवाहिता ने जहर निगल दी जान
फतेहाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। दहेज को लेकर मारपीट से परेशान रतिया में एक विवाहिता द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इस बारे सूचना मिलते ही रतिया पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार को इस मामले में पुलिस ने मृतका के चाचा की शिकायत पर उसके पति, सास व ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के मूनक निवासी जोगिन्द्र सिंह ने कहा है कि उसके भाई सतपाल की लडक़ी सर्बजीत कौर की शादी मार्च 2023 में जयपाल पुत्र जगतार सिंह निवासी बुर्ज के साथ हुई थी। शादी के बाद अब सर्बजीत कौर की आठ महीने की बेटी है।
उन्होंने शादी में अपनी हैसियत से बढक़र दान दहेज दिया था लेकिन सर्बजीत का पति जयपाल, सास पालो रानी व ससुर जगतार शादी के बाद से ही कम दहेज लाने के लिए सर्बजीत कौर के साथ मारपीट करते थे। 15-20 दिन पहले सर्बजीत कौर को उसके पति के अन्य महिला के साथ नाजायज सम्बंधों का पता चला।
जब सर्बजीत ने अपने पति से इस बारे पूछा तो उसने उसके साथ मारपीट की। शनिवार को सर्बजीत कौर का अपनी माता कान्तो के पास फोन आया कि उसका पति जयपाल, सास पालो रानी व ससुर जगतार उसके साथ मारपीट कर रहे है। वह उसे आकर ले जाए। इसके बाद वह सर्बजीत को लाने की तैयारी कर रहे थे कि जयपाल का फोन आया कि वह रतिया के अस्पताल में आ जाए। सर्बजीत ने जहर खा लिया है।
इसके बाद वह रतिया के सरकारी अस्पताल में पहुंचे तो डॉक्टर ने कहा कि जहर खाने से सर्बजीत की मौत हो गई है। जोगिन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि सर्बजीत कौर के पति, सास व ससुर द्वारा मारपीट करने से परेशान होकर उसकी भतीजी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। इस मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।