जबलपुर : तुषारकान्त की जगह अतुल सिंह नए डीआईजी
जबलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। जबलपुर डीआईजी तुषार कांत विद्यार्थी का स्थानांतरण भोपाल हो गया है। उनकी जगह अतुल सिंह को जबलपुर जिले की डीआईजी पद की कमान मिली है। अपनी कार्यशैली से विशेष पहचान बनाने वाले डीआईजी तुषार कांत विद्यार्थी न केवल विभाग बल्कि जनता में भी लोकप्रिय रहे हैं। जितनी कुशलता से उन्होंने अपराध पर नियंत्रण किया है, उतनी ही कुशलता से विभिन्न कार्यों में अपनी पहचान बनाई है।
बुजुर्गों के लिए शुरू किए गए आस्था अभियान में उन्होंने अकेले रहने वाले बुजुर्गों को न केवल सूचीबद्ध किया बल्कि उनकी सुविधा के लिए विशेष प्रयास किये। कॉलोनी मोहल्ले में बुजुर्गों की टोली बनाकर उनके बीच जाकर डीआईजी तुषार कांत विद्यार्थी ने नई मिसाल कायम की है। बतौर पुलिस अधिकारी उन्होंने अनेक पुण्य कार्य किए हैं। कर्तव्यों में कठोर लेकिन सरल स्वभाव के धनी डीआईजी तुषार कांत विद्यार्थी जबलपुर के पूर्व एसपी भी रहे हैं।
—————