पलामू में गर्भवती युवती की दवा खाने से मौत
पलामू, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो तेतरिया टोला की युवती अनिता कुमारी (बदला हुआ नाम) की गर्भावस्था में दवा खाने से मौत हो गयी। उसका शव मेदिनीनगर के रामनगर गैस गोदाम के पास मंगलवार सुबह दस बजे योगेन्द्र ठाकुर के मकान से बरामद किया गया। इस मकान में युवती की भाई और भाभी किराये पर रहते हैं।
युवती कई महीने से गर्भवती थी। उसे सर्दी खांसी हुई थी। शादी नहीं होने के बावजूद गर्भवती होने के कारण वह समाजिक लोक लाज के कारण किसी अच्छे डाक्टर से नहीं दिखाकर स्थानीय मेडिकल स्टोर से दवा ले ली थी। दवा खाते ही उसकी तबियत बिगड़ी और फिर उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवती यौन शोषण की शिकार थी। गत नौ अप्रैल को युवती ने जिले के एसपी रीष्मा रमेशन को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी थी।
सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने एमआरएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है परिजनों का बयान लिया गया है।
—————