फतेहाबाद : कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल
फतेहाबाद, 14 फरवरी (हि.स.)। नेशनल हाइवे स्थित गांव बड़ोपल के समीप एक कार व माेटरसाइकिल की टक्कर में बाईक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शुक्रवार को कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी शिकायत में ढाणी बड़ोपल निवासी ओमप्रकाश ने कहा है कि वह काजलहेड़ी रोड पर खेत में बनी ढाणी में रहता है। गत दिवस उसका लड़का अजय अपने चचेरे भाई रवि के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर ढाणी से गांव बड़ोपल आ रहे थे। जैसे ही वह रोहताश की ढाणी के पास पहुंचे तो बड़ोपल की तरफ से आ रही एक कार के चालक ने कार को लापरवाही व तेज गति से चलाया और उनके मोटर साइकिल में टक्कर दे मारी। इस हादसे में बाईक सवार अजय और रवि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए और इन्हें काफी चोटें आई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। बाद में अजय व रवि को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।