फतेहाबाद:रोडवेज कर्मचारियों की 24 घंटे की भूख हड़ताल समाप्त, टीएम को सौंपा मांगपत्र
फतेहाबाद, 4 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर डिपो में गुरुवार से शुरु की गई 24 घंटे की भूख हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। आज दूसरे दिन जीएम की अनुपस्थिति में टीएम को रोडवेज विभाग के महानिदेशक के नाम ज्ञापन सौँपा गया। टी.एम ने जूस पिलाकर कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त करवाई। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों कां मांगपत्र उचित माध्यम से महानिदेशक तक भिजवाने का काम करेंगे। भूख हड़ताल में राजू बिश्नोई, विजय नागपुर, कुलदीप नैन, भजन सिंह, धर्मपाल टोहाना, कुलदीप मलिक, वीरेंद्र कुलेरी, राजकुमार, जोगिंद्र रेडू , इंद्रपाल सहारण, चूनीलाल, हर्ष डारा आदि शामिल रहे जिनको विभाग के टीएम ने जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त करवाई। भूख हड़ताल मे शामिल कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए राज्य मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य जयबीर घणघस, शिव कुमार, प्रदेश प्रवक्ता पृथ्वी सिंह चाहत, अमित महाराणा, कुलदीप पाबड़ा, चमन स्वामी, मायाराम उनियाल आदि नेताओं ने बताया कि 16 जुलाई 2024 को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार उमाशंकर, परिवहन मंत्री असीम गोयल, रोडवेज विभाग के उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में यूनियन प्रतिनिधिमण्डल के साथ बैठक में कर्मचारियों की अनेक मांगो को जायज मानते हुए सहमति बनी थी। मानी गई मांगो के परिपत्र जल्द जारी करके उन्हें लागू करने का भरोसा दिया था, लेकिन मानी गई मांगो के परिपत्र अभी तक जारी नही किए गए। इससे कर्मचारियों को आर्थिक नुक्सान व अनेक तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मानी गई कर्मचारियों की जायज मांगो को लागू न करने के विरोध में आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए दूसरे चरण में 8 अप्रैल को सिरसा, रेवाड़ी, दादरी और यमुनागर डिपो में 24 घण्टे की भूख हड़ताल की जाएगी। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अगर फिर भी सरकार नही जागती तो परिवहन मंत्री का घेराव करना और हड़ताल पर जाने जैंस कडा कदम उठा सकते हैं। इन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारीकर्मचारियों की मुख्य मांगो में परिचालक, चालक, लिपिक का ग्रेड पे बढ़ाना, एक माह में चालक-परिचालकों के 30 से घटाकर 10 किए गए रात्रि ठहराव को 25 तक देने, चालक-परिचालक, निरीक्षक, उप निरीक्षक व कर्मशाला के कर्मचारियों को एक साल में मिलने वाले देय अर्जित अवकाश जो 33 से घटाकर 18 किए थे, उन्हें अब 30 देय अर्जित अवकाश देने, वर्ष 2002 में भर्ती हुए चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का करके पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने, वर्ष 2016 में सभी प्रकिया पूर्ण उपरांत भर्ती किये गए लगभग 300 चालकों को पक्का करने, चालकों के लिए अड्डा इंचार्ज का नया पद सृजित करके प्रमोशन देने, विभाग में जोखिम भरी ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को जोखिम भत्ता देने, व एक्सग्रेसिया नीति में लगाई गई सभी शर्तो को हटाने सहित अनेक मांगों को उठाया गया है।