फतेहाबाद : खेतों में लगी आग, आग बुझाने आई फायर ब्रिगेड की गाड़ी हुई खराब

फतेहाबाद : खेतों में लगी आग, आग बुझाने आई फायर ब्रिगेड की गाड़ी हुई खराब

फतेहाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। जिले में गेहूं कटाई के समय खेतों में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शुक्रवार देर रात भी जिले के भूना क्षेत्र के गांव ढाणी डूल्ट के खेतों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर दिया। आग की ऊंची उठती लपटों को देखकर किसानों में हडकंप मच गया और काफी किसान मौके पर पहुंच गए। आग ने करीब 35 एकड़ एरिया को अपनी चपेट में ले लिया। इससे गेहूं की फसल के अवशेष जल गए। मौके पर भूना और धारसूल से फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां लेकर दमकलकर्मी पहुंचे। इस दौरान धारसूल से आई फायर ब्रिगेड की गाड़ी खराब हो गई। भूना से आई गाड़ी के सहारे आग पर काबू पाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात अचानक ढाणी डूल्ट के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने हवा चलने के कारण 35 एकड़ को अपनी चपेट में ले लिया। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और फायर ब्रिगेड के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी। सूचना पाकर पहले भूना और फिर धारसूल से फायर ब्रिगेड की गाड़ी लेकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। धारसूल से आई गाड़ी बीच में ही अटक गई, वह आग नहीं बुझा पाई। ट्रैक्टर की मदद से धारसूल से आई गाड़ी को खेत से बाहर निकाला गया। किसान सुदामा और अन्य किसानों ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। करीब 35 एकड़ में किसानों के फसल अवशेष जलने से तूड़ी का संकट हो गया है। पशुपालक किसान खेतों में फसल के बचे अवशेषों को तूड़ी के रूप में प्रयोग करते हैं। मगर अब तूड़ी के लिए परेशानी झेलनी पड़ेगी। नुकसान के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है।