आईजी आरपीएफ ने तीन रेल सुरक्षा बल आरक्षकों को किया सम्मानित

आईजी आरपीएफ ने तीन रेल सुरक्षा बल आरक्षकों को किया सम्मानित

प्रयागराज, 19 मई (हि.स.)। महानिरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल प्रयागराज अमिय नंदन सिन्हा ने सोमवार को सराहनीय कार्य करने वाले तीन बल सदस्यों को सम्मानित किया। इनमें आगरा छावनी से राहुल अत्री, अलीगढ़ से हेमेन्द्र सिंह एवं मुख्यालय से कपिल देव पासवान रहे।

यह जानकारी वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी। उन्होंने बताया कि बीते 18 अप्रैल को आरक्षक राहुल अत्री, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, आगरा छावनी द्वारा आगरा छावनी रेलवे स्टेशन से एक शातिर चोर को सोने-चाँदी के जेवरात के साथ गिरफ्तार कराया। उसने यात्रियों के लगभग 10 लाख रूपये के सामान की चोरी की थी।

दूसरे प्रकरण में 18 अप्रैल को ही अलीगढ़ बरेली पैसेन्जर ट्रेन में एक यात्री चढ़ने के प्रयास में प्लेटफार्म व गाड़ी के बीच गिर गया था। आरक्षक हेमेन्द्र सिंह, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, अलीगढ़ ने त्वरित कार्यवाही करते हुए और अपनी जान की परवाह न करके उक्त यात्री को ऊपर खींचकर उसकी जान बचाई। इसी प्रकार एक वर्ष तक मुख्यालय के कपिल देव पासवान के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए आईजी आरपीएफ अमिय नंदन सिन्हा रेलवे सुरक्षा बल उत्तर मध्य रेलवे द्वारा माह अप्रैल 2025 के लिए इम्प्लॉई ऑफ द मंथ कर्मचारी घोषित करते हुए सम्मानित किया।

—————