बलरामपुर में 465 लाख की लागत से 73 परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

बलरामपुर में 465 लाख की लागत से 73 परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

बलरामपुर, 19 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बलरामपुर नगर को स्मार्ट सिटी के रूप में घोषित किए जाने के बाद आज साेमवार काे नगर पालिका बलरामपुर की 465 लाख रुपये की लागत से 73 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है। ये परियोजनाएं 15वें वित्त आयोग एवं 2 प्रतिशत अतिरिक्त निधि से क्रियान्वित की जाएंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत योगी मिथिलेश नाथ योगी एवं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण कर किया।

इस अवसर पर देवीपाटन पीठाधीश्वर ने कहा कि जनपद बलरामपुर मुख्यमंत्री याेगी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा बलरामपुर को स्मार्ट सिटी घोषित किया गया है, जिसे लेकर अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में 73 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है। शीघ्र ही बलरामपुर स्मार्ट सिटी के रूप में नजर आएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में बलरामपुर में तीव्र गति से विकास कार्य हो रहे हैं। शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रमेश पाहवा, नगर अध्यक्ष संजय शर्मा, रामकृपाल शुक्ल एवं डॉ. देवेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।