पानीपत में एक किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार
पानीपत, 19 मई (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने भैसवाल मोड़ पर एक नशा तस्कर को एक किलो 50 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि रविवार को गश्त के दौरान मिली सूचना की एक युवक मादक पदार्थ लेकर भैसवाल मोड़ पर आएगा। कुछ देर पश्चात गांव भैसवाल की और से एक युवक हाथ में प्लास्टिक की थैली पकड़े पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान विक्रम उर्फ टोनी निवासी बिचपड़ी बताई।
पुलिस टीम ने तलाशी ली तो गांजा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। बरामद गांजा का वजन करने पर एक किलो 50 ग्राम पाया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी नशा करने का आदी है। आरोपी अपनी नशे की लत पूरी करने व गांजा बेचकर शार्टकट तरिके से पैसे कमाने के लिए कुछ दिन पहले यूपी के शामली में एक युवक से दाे किलो गांजा 16 हजार रूपए में खरीदकर लाया था। आरोपी ने कुछ गांजा नशा करने में खर्च कर दिया और कुछ गांजा राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया। रविवार को आरोपी बेचे एक किलो 50 ग्राम गांजा को लेकर बेचने के लिए ग्राहक की फिराक में भैसवाल मोड़ पर आया था। सोमवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
—————