आदिवासी इलाकों में शराब दुकान खोलने के फैसले का जदयू ने किया विरोध, सौंपा ज्ञापन
पूर्वी सिंहभूम, 26 मई (हि.स.)। जदयू अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने आदिवासी बहुल ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की दुकान खोलने के फैसले को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने इस नीति को जनविरोधी और युवाओं के भविष्य के लिए खतरा बताया।
सोमवार को जद (यू) अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश कोया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर डीडीसी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने 21 मार्च 2025 को हुई ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल (टीएसी) की बैठक में आदिवासी बहुल क्षेत्रों में ग्राम सभा की अनुमति से अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने के फैसले का कड़ा विरोध किया। मोर्चा ने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा और रोजगार देने के बजाय शराब की लत में धकेल रही है, जो आदिवासी समाज के साथ धोखा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार यह निर्णय वापस नहीं लेती है, तो वे गांव-गांव जाकर जनजागरूकता अभियान चलाएंगे। इस मौके पर सुबोध श्रीवास्तव, कुलविंदर सिंह पन्नू, राजेन कुजूर, भानू देवी, यशोदा मुंडा, बुधराम खालखो, पुरन हेम्ब्रोम, बीर सिंह देवगन, सुनील बोदरा, सदेन सोय, कार्तिक लकड़ा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
—————