इधर, एसपी के निर्देश पर हरकत में आई सुखेर थाना पुलिस ने क्लब प्रबंधन और बाउंसर्स के खिलाफ अश्लीलता परोसने व मारपीट का मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में क्लब मैनेजर मुकेश सिंह (राजसमंद), बाउंसर लोकेश कुमार प्रजापत (ब्यावर), पंकज पूर्बिया (प्रतापनगर), विश्वजीत सिंह (नागा नगरी) और धर्मेंद्र सिंह (कर्नाटक) शामिल हैं।
घटना बुधवार तड़के करीब 3 बजे की है। दिल्ली से आए कुछ युवक अपने मित्र कमलेश पालीवाल (भुवाणा, मानसरोवर निवासी) के साथ क्लब में गए थे। रात 2:30 बजे बाहर निकलते समय लिफ्ट में प्रवेश को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद क्लब मैनेजर व बाउंसरों ने युवकों को घेरकर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
पीड़ित जब रिपोर्ट लिखवाने सुखेर थाने पहुंचे, उस वक्त ड्यूटी ऑफिसर एएसआई सुनील बिश्नोई थे। आरोप है कि उन्होंने पीड़ितों की बात अनसुनी करते हुए कार्रवाई नहीं की, सिर्फ तीन जनों को पाबंद किया। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।