मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र रमाशंकर निवासी कुशहां गांव के रूप में हुई है। गांव वालों के अनुसार सुनील कुमार मड़िहान थाना क्षेत्र के दीपनगर पटेहरा में जेसीबी मशीन चलाने का काम करता था। गुरुवार की शाम वह नहर पुलिया के पास औंधे मुंह गिरा हुआ मिला था। हालत गंभीर देख उसे तत्काल पीएचसी सर्रोईं ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पहुंचे गैपुरा चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक के चाचा विनय कुमार व जगमोहन ने बताया कि शशिकांत नामक युवक, जो उनके साथ काम करता था, वही सुनील को अस्पताल लेकर गया था। युवक की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।