दो महिलाओं की मौत, एक गंभीर

पलामू, 31 दिसंबर । पलामू जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गयी, वहीं एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। एममएसीएच में इलाज के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।

दोनों घटनाएं चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई, जबकि एक छतरपुर इलाके में हुई। चैनपुर इलाके में बाइक से टक्कर लगने के बाद महिला की इलाज के दौरान मौत हो गयी, वहीं बच्चे को बचाने में एक महिला के सिर के बाल आटा चक्की के पट्टे में फंसकर उखड़ गए। मृत महिलाओं के शव का पोस्टमार्टम एमएमसीएच में किया गया।

वाहन के धक्के से घायल महिला की मौत

चैनपुर थाना क्षेत्र के खुरा गांव निवासी शकुंति देवी पति नन्हकू चौधरी की मंगलवार की रात एमएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे शकुंति देवी खुरा हाई स्कूल के पास सड़क पार कर रही थी। अत्यधिक कुहासा के कारण अज्ञात मोटरसाइकिल ने उसे धक्का मारकर फरार हो गया। पास के मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के हल्ला करने पर ग्रामीण जमा हुए। गंभीर हालत में महिला को मेदनीनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

चैनपुर निवासी रौशन कश्यप की 26 वर्षीया पत्नी निभा देवी बच्चे को बचाने में आटा चक्की के पट्टे में फंस गयी। उसका बाल फंसकर जड़ सहित उखड़ गया। महिला को इलाज के लिए एमएमसीएच से गंभीर स्थिति में रेफर किया गया।

छतरपुर के सुसी गांव में पति के दहेज प्रताड़ना से तंग आकर सुषमा देवी ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतका के पिता के अनुसार दामाद धर्मेेंन्द्र परहिया एवं उसकी बहन मंजू देवी दो पहिया वाहन की मांग कर रहा था। इसके लिए सुषमा के साथ हमेशा मारपीट करता था। जहरीला पदार्थ खाने से पहले तक पति ने उसकी पिटायी की थी। मृतका के पिता ने छतरपुर पुलिस को न्याय की गुहार लगायी है।