गुरुग्राम, 06 फरवरी । फर्रुखनगर की अनाज मंडी में शुक्रवार की दोपहर को खड़ी एक बीएमडब्ल्यूए कार में आग लग गई। कार में सवार महिला, पुरुष ने बाहर निकलकर जान बचाई। इस घटना से मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार बीएमडब्ल्यू कार अनाज मंडी परिसर में खड़ी थी, जिसमें एक महिला और एक पुरुष बैठे थे। इसी दौरान कार के नीचे से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में कार से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत कार में सवार महिला, पुरुष को आग लगने की सूचना दी। आनन-फानन में दोनों बाहर निकले। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके। आग इतनी भीषण थी कि कार का एक बड़ा हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम गाड़ी लेकर पहुंचे और आग बुझानी शुरू की। लोगों की सूझबूझ और कार सवारों की सतर्कता से किसी भी प्रकार की जनहानि टल गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लगा है।