नई दिल्ली, 18 फरवरी । उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 22 फरवरी को होने वाले ‘रन फॉर राम’ मैराथन के चौथे संस्करण की आधिकारिक जर्सी का बुधवार को वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया गया। ‘रन फॉर राम 2026’ में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इस मैराथन में एथलीट, फिटनेस प्रेमी, परिवार, वरिष्ठ नागरिक, युवा और आध्यात्मिक प्रेरणा से जुड़े लोग समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लेंगे। अयोध्या में यह आयोजन स्वास्थ्य, एकता और राष्ट्रीय गौरव के उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा।
भारत सरकार की ‘नवरत्न’ श्रेणी की कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड इस मैराथन में साझेदार के रूप में जुड़ी हुई है, जो इस खेल पहल को सहयोग प्रदान कर रही है। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि रन फॉर राम जर्सी का अनावरण केवल एक और मैराथन की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह उस सतत अभियान का प्रतीक है, जो आस्था, स्वास्थ्य को जोड़ता है। हम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड, गोवा सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार और अपने सभी सहयोगी भागीदारों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस यात्रा में लगातार सहयोग दिया है। उनका समर्थन हमें हजारों लोगों को भगवान श्रीराम के प्रति भक्ति और स्वस्थ व एकजुट भारत के संकल्प के साथ जोड़ने में मदद करता है।