मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार दोपहर एक कंटेनर चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में वाहन से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मुकेश रावत (40) पुत्र नाइक रावत, निवासी ग्राम जरवाली, जिला शिवपुरी के रूप में हुई है। वह एक निजी परिवहन कंपनी में कंटेनर चालक था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश रावत नासिक से स्कॉर्पियो वाहन लेकर प्रयागराज डिलीवरी देने गया था। डिलीवरी पूरी करने के बाद वह दूसरे कंटेनर के साथ वापस लौट रहा था। बुधवार को अमरपाटन बायपास के पास उसने अपना कंटेनर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कुछ समय बाद कंपनी की ओर से किए गए फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने पर प्रबंधन को शंका हुई। इसके बाद साथ चल रहे दूसरे कंटेनर चालक को स्थिति देखने के लिए मौके पर भेजा गया।
जब दूसरा चालक वहां पहुंचा तो उसने मुकेश को कंटेनर के बाहर फंदे से लटका पाया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।