बुजुर्ग का युवा दोस्त नकदी व जेवर सहित चार लाख का माल लेकर फरार

फर्रुखाबाद, 20 फरवरी । कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला नूनहाई निवासी 80 वर्षीय कमलकांत पांडे के साथ विश्वासघात का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने मंदिर में भजन गाकर पहले बुजुर्ग से नजदीकी बढ़ाई और फिर उनके घर से करीब चार लाख रुपये के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कमलकांत पांडे वृद्धावस्था पेंशनधारी हैं और पांडाबाग मंदिर में नियमित पूजा-पाठ करते हैं। इसी दौरान उनकी पहचान मोहल्ला सेनापति निवासी हिमांशु मिश्रा से हुई। हिमांशु मंदिर में भजन गाता था और धीरे-धीरे कमलकांत के पास बैठकर बातचीत करने लगा। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती हो गई और युवक का घर आना-जाना शुरू हो गया।

बताया गया कि 15 फरवरी को हिमांशु मंदिर से सीधे कमलकांत के घर पहुंचा। वहां उसने चाय पीने की इच्छा जताई। कमलकांत जब कमरे से बाहर गए, उसी दौरान आरोपित ने कमरे में रखे रुपये और जेवरात समेट लिए। कुछ देर बाद जब बुजुर्ग वापस लौटे तो घर में रखा सामान गायब देख उनके होश उड़ गए।

पीड़ित के अनुसार, कमरे से दो सोने की अंगूठियां और अन्य जेवर समेत करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। उन्होंने घटना की शिकायत चौकी इंचार्ज को दी है।

तिकोना चौकी इंचार्ज संजीव कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि मामला चार-पांच दिन पुराना है। जिस युवक पर आरोप लगाया गया है, वह भी अपने घर से गायब है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कार्रवाई की बात कही है।