अचानक घर में आग लगने से सारा सामान जलकर राख

पूर्वी सिंहभूम, 01 मार्च ।एमजीएम थाना के गाजाडीह इलाके में रविवार दोपहर अचानक एक घर में आग लग गई। पीड़ित भुनेश्वर प्रसाद के एस्बेस्टस निर्मित मकान में आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

घटना के समय भुनेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी लक्की प्रसाद मजदूरी करने बाहर गए हुए थे, जबकि घर में उनकी बेटी अकेली थी।

बेटी ने बताया कि वह दूसरे कमरे में काम कर रही थी, तभी अचानक उसे आग की लपटें दिखाई दीं। आग किस कारण से लगी, इसका उसे पता नहीं चल पाया। कुछ ही देर में धुआं और लपटें पूरे घर में फैल गईं। जान बचाने के लिए वह तुरंत बाहर निकली और जोर-जोर से चिल्लाकर मोहल्ले के लोगों को बुलाया।

उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन गली संकरी होने के कारण अग्निशमन वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद स्थानीय लोगों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

अगलगी में घर में रखा टीवी, कपड़े, बर्तन, आवश्यक कागजात तथा बहन की शादी के लिए रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। घर में रखी नकद राशि भी आग की भेंट चढ़ गई। पीड़ित वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस घटना में लगभग दो लाख रुपये तक की क्षति हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आग को स्थानीय लोगों के सहयोग से बुझा लिया गया है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।

अगलगी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।