कोंडागांव की कालीबाड़ी में शिवभक्तों ने किया मां काली-दुर्गा रूपों का मंचन

कोंडागांव, 05 अप्रैल । जिले के कालीबाड़ी डीएनके कॉलोनी में ओडिशा के शिव भक्तों द्वारा मां काली और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का आकर्षक मंचन किया जा रहा है। आज रविवार से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन को देखने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। चैत्र माह में आयोजित होने वाला यह पारंपरिक उत्सव 30 दिनों तक चलता है।

सत्यं शिवम सुंदरम से जुड़े शिवभक्त विशेष वेशभूषा, संगीत और नाट्य रूपांतरण के माध्यम से देवी के विभिन्न रूपों की जीवंत प्रस्तुति देते हैं। इस उत्सव से जुड़ी एक मान्यता के अनुसार, पूजा स्थल के पवित्र जल से स्नान करने पर असाध्य रोगों में राहत मिलती है और निःसंतान दंपत्तियों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। चैत्र शुक्ल पक्ष में तालाब से विशेष विधि से निर्मित ‘पाट’ का प्रकट होना भक्तों के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है। श्रद्धालु इस पाट को सिर पर रखकर पूरे 30 दिनों तक साधना करते हैं, जिसे दिव्य शक्ति का प्रतीक माना जाता है। आयोजन के दौरान भक्तों के लिए अन्न-भोग प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कालीबाड़ी समिति और महिला समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

समिति के अध्यक्ष प्रह्लाद शील ने बताया कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि विभिन्न राज्यों के समुदायों के बीच सांस्कृतिक समन्वय और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में कालीबाड़ी परिवार के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।