पलामू, 06 अप्रैल । सदर अस्पताल के पास पुलिस ने कार्रवाई कर एक युवक को 7.65 एमएम की पिस्टल और 06 राउंड जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। एक मौके से भाग गया। पुलिस गिरफ्त में आए युवक की पहचान सुमित चन्द्रवंशी (28) के रूप में हुई है।
भागने वाले युवक की पहचान राजा चन्द्रवंशी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सुमित को साेमवार काे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सुमित के खिलाफ शहर थाना मेदिनीनगर में दो मामले दर्ज हैं, जबकि राजा चन्द्रवंशी के खिलाफ चैनपुर थाना में 07 आपराधिक मामला दर्ज है।
शहर थाना पुलिस की गश्ती पार्टी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधिक प्रवृति के लोग घटना करने के उद्दश्य से अवैध हथियार और गोली के साथ सदर अस्पताल के आसपास एक जगह जमा हुए हैं। सूचना पर टाइगर जवान के साथ पुलिस टीम पहुंची तो वहां से दो युवक भागने लगे, जिसमें से एक को खदेड़ कर पकड़ लिया गया। उसकी पहचान सुमित चन्द्रवंशी के रूप में हुई। एक युवक मौके से फरार हो गया। पकड़ में आए युवक के पास से पिस्टल और गोली मिली। बाइक और मोबाइल भी जब्त किया गया।
कार्रवाई टीम में पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार सिंह, जवान रामजतन सिंह, संजीव कुमार मल्लिक, टाइगर जवान राकेश कुमार सिंह, इश्रार अहमद, रोहित कुमार और अनिल पासवान शामिल थे।