सुलतानपुर, 07 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर जेल में पत्नी की हत्या के आरोपित बंदी का शव जेल के बैरक में शौचालय के अंदर प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला।
जेल कमांडेंट प्रांजल अरविंद ने मंगलवार को बताया कि मृतक बंदी नक्छेद 25 मार्च से कारागार में निरुद्ध था। बीती रात्रि करीब डेढ़ बजे शौचालय में उसका शव प्लास्टिक की रस्सी से लटका हुआ पाया गया। धनपतगंज के चरथई निवासी नक्छेद (45 ) को अपनी पत्नी कुसुम के हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसे 25 मार्च को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था। नक्छेद गांव में लिंटर डालने का काम कर रहा था, जब उसने अपनी पत्नी कुसुम को फोन किया। कुसुम के फोन न उठा पाने पर नक्छेद नाराज हो गया। रात करीब 12 बजे घर लौटने पर उसने पत्नी कुसुम को पीटना शुरू कर दिया। उनके दो छोटे बच्चे, उदयभान (9 ) और दीक्षा (8 ), जब अपनी मां को बचाने आए, तो नक्छेद ने उन्हें भी धक्का दे दिया। उसने बच्चों के सामने ही कुसुम को डंडे से पीटा।
गंभीर रूप से घायल कुसुम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ अंजू मिश्र ने हत्यारोपित पति नक्छेद को गिरफ्तार किया था। सीजेएम नवनीत सिंह के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।