पन्ना : आत्मसम्मान के लिए हर स्तर तक लड़ेंगी: पूर्व जनपद अध्यक्ष राजश्री चौहान

पन्ना, 11 अप्रैल । मध्य प्रदेश के पन्‍ना जिले के मड़ला थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान बुजुर्ग दंपति और पुलिस के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में जनपद पंचायत पवई की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती राजश्री चौहान ने प्रेसवार्ता कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

श्रीमती चौहान ने बताया कि 7 अप्रैल को वह अपने पति भरत सिंह चौहान, जो सेवानिवृत्त डीएसपी हैं, के साथ ग्वालियर जा रही थीं। इसी दौरान मड़ला थाना के सामने पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। उनके चालक द्वारा वाहन रोके जाने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी गाड़ी के पास पहुंचे और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी द्वारा उनकी लाइसेंसी बंदूक, उसका लाइसेंस और वाहन जब्त कर लिया गया। साथ ही उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया।

श्रीमती चौहान के अनुसार, पुलिस ने उन्हें और उनके 87 वर्षीय पति को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, पन्ना के न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि उनके और उनके पति के साथ हुए व्यवहार से उनका आत्मसम्मान आहत हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे न्याय के लिए हर संभव कदम उठाएंगी और जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक पीछे नहीं हटेंगी।