खूंटी राइफल शूटिंग क्लब ने तीन वर्षों में जीते 111 पदक

खूंटी, 12 अप्रैल । खूंटी राइफल शूटिंग क्लब ने 11 अप्रैल को अपनी स्थापना के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूरे कर लिए। इस खास मौके पर रविवार को क्लब से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने खुशियां मनाई।

क्लब के प्रशिक्षक अनुज कुमार ने कहा कि स्थापना के बाद से ही क्लब ने शूटिंग खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और जिले का नाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। पिछले तीन वर्षों में क्लब के खिलाड़ियों ने नेशनल, ईस्ट जोन, स्टेट चैंपियनशिप और सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 111 से अधिक पदक अपने नाम किए हैं। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम मानी जा रही है। क्लब के उभरते हुए प्रतिभाशाली शूटर रचित रंजन प्रसाद ने लगातार दो वर्षों से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 60 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई, जो अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि क्लब आगे भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराता रहेगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले व राज्य का नाम रोशन कर सकें।

क्लब के उपाध्यक्ष अमितेश भगत, सचिव सह कोच अनुज कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन कुमार, तथा सदस्य विपुल कुमार, रुपेश कुमार और सुजल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान कोच अनुज कुमार ने क्लब की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सफलता सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और सदस्यों के सामूहिक सहयोग और समर्पण का परिणाम है।